
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: कमिश्नरेट वाराणसी की सिगरा पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में पिछले छह माह से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शिवा सिंह उर्फ शिवम सिंह (20 वर्ष), पुत्र शिव प्रकाश सिंह, निवासी गंगानगर, थाना सरोजनी नगर, जनपद लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 1 नवंबर 2026 को गंगानगर अमौसी स्थित प्रेम शिवकला लॉन से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, घटना 4 मई 2026 की है। शिकायतकर्ता अपने घर के बाहर खड़े थे, तभी चांदी और सफेद रंग की ऑल्टो कार से पहुंचे कुछ अज्ञात लोगों में से एक ने उतरकर उन पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और गाली-गलौज करते हुए फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना सिगरा में मुकदमा अपराध संख्या 0165/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 3(5) एवं आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम की धारा 7 में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इस मामले में पुलिस ने 6 मई 2026 को एक अन्य आरोपी श्रोत श्रीवास्तव को थाना सिगरा परिसर से गिरफ्तार किया था, जबकि मुख्य आरोपी शिवा सिंह लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत थी और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आखिरकार सिगरा पुलिस की टीम ने लखनऊ में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक शिवम, महिला उपनिरीक्षक डाली साहू, हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह और कांस्टेबल मृत्युंजय सिंह शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।





