
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi. गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए वाराणसी में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर गंगा घाटों और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों की ओर से लोगों को सावधानी बरतने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने की अपील की जा रही है।
इसी क्रम में एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि जलस्तर बढ़ने के दौरान गंगा में स्नान करने या गहरे पानी में जाने से बचें। घाटों पर सुरक्षा को लेकर जारी निर्देशों का पालन करें और बच्चों व बुजुर्गों को नदी के किनारे जाने से रोकें।
एसीपी ने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से घाटों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें।
गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन का मुख्य फोकस जनसुरक्षा, घाटों पर निगरानी और लोगों को सुरक्षित रखना है। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और खतरे वाले स्थानों पर जाने से पूरी तरह बचें।




