
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा के मार्गदर्शन में पूरे जोन में विशेष यातायात सुरक्षा अभियान चलाया गया। 24 नवंबर को सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत वाराणसी जोन के सभी नौ जनपदों में दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और चार पहिया वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने वालों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती दिखाई। इस संयुक्त अभियान में कुल 8,025 लोगों को जागरूक किया गया, 893 वाहनों का चालान किया गया तथा 5 लाख 74 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
कार्रवाई के आंकड़ों में मीरजापुर परिक्षेत्र ने जागरूकता अभियान में सर्वाधिक 2,907 लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देकर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, आजमगढ़ परिक्षेत्र में सर्वाधिक 388 वाहनों का चालान किया गया। जबकि वाराणसी परिक्षेत्र में सबसे अधिक 3 लाख 76 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
यह अभियान आजमगढ़, बलिया, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही सहित सभी नौ जनपदों में संचालित किया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा ने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी न बैठाएं और चार पहिया वाहनों के शीशों पर काली फिल्म का प्रयोग न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात सुरक्षा के प्रति पुलिस की यह पहल सराहनीय है। जागरूकता और सख्त कार्रवाई के जरिए सड़क दुर्घटनाओं को रोकने तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।




