
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. रोहनिया थाना क्षेत्र के पंडितपुर गांव के पास बुधवार को नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 18 वर्षीय युवती शिवानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा 22 वर्षीय युवक किशन यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जिले के कछवां थाना क्षेत्र के केवटाबीर गांव निवासी किशन यादव अपने पड़ोस की परिचित शिवानी के साथ बाइक से वाराणसी की ओर जा रहे थे। दोनों मोहनसराय की तरफ से अखरी की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान पंडितपुर गांव के पास हाईवे पर बगल से गुजर रही एक अन्य बाइक से किशन यादव की बाइक का हैंडल टकरा गया। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और किशन तथा शिवानी सड़क पर गिर पड़े।
इस दौरान किशन यादव सड़क के किनारे जा गिरे, जिससे वह घायल हो गए, जबकि शिवानी सड़क के बीच में गिर गई। इसी बीच पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने शिवानी को कुचल दिया। ट्रक के पहियों के नीचे आने से युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायल किशन यादव को एंबुलेंस से अस्पताल भेजवाया तथा युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन रोहनिया थाने पहुंचे।
बताया गया कि मृतका शिवानी तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी तथा कक्षा 11 की छात्रा थी। महज 18 वर्ष की उम्र में उसकी दर्दनाक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार की बड़ी बेटी की असमय मौत से गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है।





