
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव पुलिस चौकी अंतर्गत बच्छाव स्थित मुस्लिम बस्ती में मंगलवार की देर रात एक दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में मातम छा गया। रात करीब 12 बजे परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान मकान के आगे बने टीनशेड वाले बरामदे की दीवार अचानक भरभराकर पास के तालाब में ढह गई। हादसे में एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय परिवार के सदस्य गहरी नींद में थे। अचानक दीवार गिरने से बरामदे में मौजूद लोग मलबे के साथ तालाब में जा गिरे। इस हादसे में छह वर्षीय आफिया और तीन वर्षीय फलक गहरे पानी में समा गईं। वहीं, उनके पिता कल्लू, मां तबस्सुम, आठ वर्षीय रोशनी और पांच माह का मासूम बच्चा घायल हो गए। अचानक हुई इस घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर जुट गए और बच्चों को बचाने का प्रयास करने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही अखरी चौकी प्रभारी धर्मेंद्र राजपूत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल बचाव कार्य शुरू कराया गया, लेकिन तालाब में पानी अधिक और गहराई होने के कारण दोनों मासूम बच्चियों को बाहर निकालने में सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया।
सूचना पर पहुंची दोनों बचाव दलों की टीमों ने काफी मशक्कत के बाद करीब सात घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। इसके बाद गहरे पानी में डूबी दोनों बच्चियों के शव बाहर निकाले जा सके। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में घायल परिवार के सदस्यों को भी उपचार के लिए भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा भी देर रात घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे के संबंध में जानकारी ली। दो मासूम बच्चियों की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, बच्छाव की मुस्लिम बस्ती में इस हृदयविदारक घटना के बाद शोक और मातम का माहौल है।





