
-हनुमान कृपा से भरा भंडारा, भक्तों ने पाया पुण्य-प्रसाद
-‘गरीब-लाचार को भरपेट भोजन, यही सच्ची सेवा’: वर्षों से चल रही परंपरा
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: रामनगरी के रिकाबगंज स्थित श्री संकट मोचन हनुमानगढ़ी सेवा ट्रस्ट मंदिर में मंगलवार को भक्ति और सेवा का अनुपम संगम देखने को मिला। सपा के पूर्व पार्षद उमेश यादव द्वारा आयोजित विशाल भंडारे में महाबली हनुमान के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
महाबलेश्वर के पूजन से हुआ शुभारंभ
भंडारे का शुभारंभ संकटमोचन हनुमान जी के दिव्य चित्र पर माल्यार्पण कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुआ। सपा के पूर्व विधायक आनंद सेन यादव, पूर्व पार्षद राम अजोर यादव, महिला संघ की अध्यक्ष अपर्णा जायसवाल और आयोजक उमेश यादव ने सामूहिक रूप से हनुमान जी को भोग लगाकर प्रसाद वितरण का श्रीगणेश किया।
कढ़ी-चावल और बूंदी का अमृत प्रसाद
हनुमान जी के भोग के बाद कढ़ी-चावल और मीठी बूंदी का प्रसाद हजारों भक्तों में वितरित किया गया। “जय बजरंगबली” के उद्घोष के बीच पंगत में बैठे भक्तों ने श्रद्धा से प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया। छोटे-बड़े, अमीर-गरीब का भेद मिटाकर सभी ने एक साथ प्रसाद पाया। मानो स्वयं पवनपुत्र अपने भक्तों को तृप्त कर रहे हों।
‘नर सेवा ही नारायण सेवा’: उमेश यादव
आयोजक उमेश यादव ने बताया कि यह भंडारा वे कई वर्षों से निरंतर कर रहे हैं। “संकटमोचन की कृपा से ही यह सेवा संभव हो पा रही है। हमारा एकमात्र उद्देश्य है कि कोई गरीब, लाचार या भूखा न सोए। हनुमान जी के दरबार से कोई खाली हाथ न जाए, भरपेट प्रसाद पाकर जाए। यही सच्ची भक्ति है।”
भक्ति में डूबा जनसैलाब
इस पावन अवसर पर दिलीप यादव, मुन्ना विक्की यादव, इश्तियाक खान, अमर बहादुर यादव, सपा जिलाध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, हामिद जफर मिशन, चंदन सिंह यादव, शाहबाज, संजय गुप्ता, बबलू जान बाबू सहित तमाम समाजसेवी और कार्यकर्ता तन-मन से सेवा में जुटे रहे। सुबह से देर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर अपने जीवन को धन्य किया।
सच ही कहा गया है- “जहां सुमति तहं संपति नाना, जहां कुमति तहं विपति निदाना।” हनुमान जी की कृपा और भक्तों की सेवा भावना से यह भंडारा अयोध्या की धरती पर भक्ति-रस की अविरल धारा बहा गया।




