
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में शुक्रवार को सेवानिवृत्त होने वाले एक अधिकारी सहित 24 रेलकर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के प्रेमचंद सभागार में आयोजित समारोह में सभी कर्मचारियों को उनके सेवानिवृत्ति लाभ वितरित किए गए। वहीं, रिक्त हुए पदों पर वरिष्ठता के आधार पर 10 कर्मचारियों को पदोन्नति पत्र भी प्रदान किए गए।
समारोह की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने की। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि एक परिवार है और सेवानिवृत्ति इस परिवार से अलग होने का नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल की आधुनिक पहचान, बेहतर यात्री सुविधाएं, संरक्षा और वंदे भारत व अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के विस्तार में सेवानिवृत्त रेलकर्मियों की वर्षों की मेहनत और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सलाह दी कि वे अपने वित्तीय लाभों का विवेकपूर्ण उपयोग करें, स्वास्थ्य का ध्यान रखें और अपने अनुभवों से समाज व नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करते रहें।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने कहा कि सेवानिवृत्ति किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए चरण की शुरुआत है। उन्होंने बताया कि कार्मिक विभाग की पहल से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के रिक्त पदों पर 10 कर्मचारियों को उसी दिन पदोन्नति दी गई, जिससे प्रशासनिक कार्यों में निरंतरता बनी रहेगी।
समारोह के दौरान सभी सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया तथा उन्हें सेवा प्रमाण-पत्र, पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ), पहचान पत्र, डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज सौंपे गए। साथ ही यूएमआईडी कार्ड और साइबर अपराध से बचाव विषय पर जागरूकता सत्र का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, मंडल वित्त प्रबंधक अंकित प्रधान, सहायक कार्मिक अधिकारी राम सिंह सहित लेखा एवं कार्मिक विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने किया।




