
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: रोहनिया क्षेत्र के अवलेशपुर (अखरी) इलाके में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया, जहां 45 वर्षीय किराना व्यवसायी जितेंद्र पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, जितेंद्र पटेल अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में वे किसी तरह घर पहुंचे और बाद में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उनकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के बैंक खाते में हाल ही में लगभग 26 लाख रुपये का लेन-देन हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि साइबर अपराधियों ने इस रकम पर नजर रखते हुए वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जांच के अनुसार, अपराधियों का उद्देश्य मोबाइल फोन और बैंकिंग डिटेल्स हासिल कर पैसे की हेराफेरी करना था, जिसके चलते यह हत्या की गई।
इस मामले को साइबर क्राइम से जुड़ा एक बेहद गंभीर और नया ट्रेंड माना जा रहा है, जिसमें डिजिटल धोखाधड़ी के साथ-साथ हिंसक अपराध का भी सहारा लिया गया। पहले साइबर ठगी केवल ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग और बैंकिंग धोखाधड़ी तक सीमित थी, लेकिन इस घटना ने एक खतरनाक बदलाव की ओर इशारा किया है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी और तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस कार्रवाई में गोलू पटेल और गियांशु पटेल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया, जिनके पैरों में गोली लगी। वहीं, इस गिरोह के कथित मास्टरमाइंड आयुष पटेल, मनीष सिंह और अमन सेठ को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के पास से हथियार, मोबाइल फोन और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से साइबर ठगी की वारदातों में शामिल रहा है और अब हत्या जैसे गंभीर अपराध तक पहुंच गया।

इस घटना ने साइबर सुरक्षा और डिजिटल लेन-देन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ते साइबर फ्रॉड के बीच अब अपराधियों की गतिविधियां और अधिक खतरनाक होती जा रही हैं, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा को भी चुनौती मिल रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं मृतक के परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि पूरे गिरोह का जल्द ही पूरी तरह से पर्दाफाश किया जाएगा।




