
-गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक चला जोरदार अभियान, थाना प्रभारी की मुस्तैदी और सख्ती से अतिक्रमणकारियों में मचा हड़कंप; अवैध कब्जों पर कार्रवाई के साथ दोपहिया वाहनों का भी काटा चालान
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी की सड़कों को व्यवस्थित रखने और श्रद्धालुओं सहित आम नागरिकों को आवागमन में राहत दिलाने के लिए दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में उनके नेतृत्व में गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान थाना प्रभारी ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए पुलिस टीम के साथ सड़क पर उतरकर कार्रवाई की।
इस अभियान में थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के साथ समस्त चौकी प्रभारी एवं पुलिसकर्मी अपने हमराहियों के साथ मुस्तैदी से जुटे रहे। पुलिस टीम ने गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक पैदल भ्रमण कर सार्वजनिक रास्तों और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण को हटवाने के साथ ही सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े दोपहिया वाहनों का भी चालान किया गया। पुलिस की इस सख्ती से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
जिम्मेदारी के साथ नेतृत्व, खुद सड़क पर उतरे थाना प्रभारी
इस अभियान की खास बात यह रही कि थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह केवल अधीनस्थों को निर्देश देने तक सीमित नहीं रहे, बल्कि स्वयं पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहकर अभियान का नेतृत्व करते दिखाई दिए। चौकी प्रभारियों और हमराहियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर उन्होंने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई को गति दी।
गोदौलिया और दशाश्वमेध घाट काशी के ऐसे प्रमुख स्थल हैं, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखना बेहद जरूरी है। बेतरतीब वाहन खड़े होने और रास्तों पर कब्जे के कारण अक्सर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह की अगुवाई में चलाया गया यह अभियान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। पुलिस की इस सक्रियता से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। जरूरत है कि इसी तरह नियमित अभियान चलाकर काशी के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए।




