
-प्रतिबंध के बावजूद सड़कों पर दौड़ रहीं रोडवेज और निजी बसें, खुशी रोडवेज की बस की चपेट में आने से बाल-बाल बचे बाइक सवार मां-बेटे; जिम्मेदारों की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल
- Pankaj Jha ki kalam se✍️
Varanasi. धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में यातायात व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर के कैंट क्षेत्र में नो एंट्री के नियमों की खुलेआम अनदेखी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रतिबंधित समय में भी रोडवेज और निजी बसें बेखौफ सड़कों पर फर्राटा भर रही हैं। आखिर इन बसों को नो एंट्री में प्रवेश की अनुमति कौन दे रहा है और इनके खिलाफ कार्रवाई करने से जिम्मेदार विभाग क्यों पीछे हट रहा है?
ताजा मामला खुशी रोडवेज की एक बस से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि नो एंट्री के दौरान गुजर रही बस की चपेट में आने से बाइक सवार मां-बेटे बाल-बाल बच गए। बाइक सवार अपनी मां को इलाज के लिए लेकर जा रहा था। इसी दौरान बस के कारण ऐसी स्थिति बन गई कि दोनों की जान पर बन आई। गनीमत रही कि समय रहते बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद बाइक सवार और बस चालक के बीच जमकर नोकझोंक भी हुई।
इस घटना ने एक बार फिर कैंट क्षेत्र की यातायात व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। सवाल यह है कि जब शहर में नो एंट्री के नियम निर्धारित हैं तो फिर प्रतिबंधित क्षेत्र में बसों का प्रवेश कैसे हो रहा है? क्या आम नागरिकों के लिए ही यातायात नियम बनाए गए हैं? क्या बड़े वाहन संचालकों पर इन नियमों का कोई प्रभाव नहीं पड़ता?
आखिर किसकी शह पर सड़कों पर दौड़ रहीं प्रतिबंधित बसें?
स्थानीय स्तर पर उठ रहे सवालों के बीच यातायात विभाग की जिम्मेदारी भी कठघरे में है। नो एंट्री का पालन कराना, प्रतिबंधित वाहनों को रोकना और सड़क पर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना आखिर किसकी जिम्मेदारी है? यदि प्रतिबंध के बावजूद बसें लगातार प्रवेश कर रही हैं तो निगरानी व्यवस्था कहां है? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है या फिर कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जा रही है?
सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि इन बसों को किसी प्रकार की विशेष छूट मिली हुई है या नियमों की अनदेखी कर मनमाने ढंग से संचालन किया जा रहा है? इन सवालों का जवाब यातायात विभाग को देना चाहिए।
साहब! सड़क पर चलने वाला आम आदमी भी किसी का बेटा, किसी का पिता और किसी का पूरा परिवार है। उसकी जिंदगी भी उतनी ही कीमती है, जितनी किसी वीआईपी की। किसी बड़े हादसे के बाद जागने के बजाय समय रहते कार्रवाई कीजिए। आखिर प्रशासन और यातायात विभाग किसी अनहोनी का इंतजार क्यों कर रहे हैं? जरूरत है कि नो एंट्री के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और नियम तोड़ने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हो, ताकि काशी की सड़कों पर आम नागरिक सुरक्षित सफर कर सकें।





