
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. वन्यजीवों के अवैध कारोबार के खिलाफ वन विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित प्रजाति के पक्षियों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। गोलगड्डा इलाके में छापेमारी कर टीम ने 650 जीवित तोतों के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद पक्षियों में 60 एलेक्जेंड्रिन तोते और 590 अन्य तोते शामिल हैं। मौके से एक पिकअप वाहन, सात लोहे के जालीदार पिंजरे और दो झोले भी बरामद किए गए हैं।
वन एवं वन्यजीव विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, वन संरक्षक वाराणसी मंडल डॉ. रवि कुमार सिंह के निर्देशन में प्रभागीय वनाधिकारी वाराणसी और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। 19 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे गोलगड्डा के पास प्रतिबंधित प्रजाति के पक्षियों का अवैध कारोबार किए जाने की सूचना पर वन विभाग और एसटीएफ की टीम मौके पर पहुंची। वहां पिकअप वाहन के जरिए बड़ी संख्या में पक्षियों की खरीद-फरोख्त की तैयारी चल रही थी।
टीम ने घेराबंदी कर मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ और मामले की जांच के दौरान गिरोह से जुड़े एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में पटना, बिहार निवासी मो. समीम (53 वर्ष), मो. नासीर (19 वर्ष) और आफताब (25 वर्ष) शामिल बताए गए हैं। विभागीय जानकारी में मो. सलीम को गिरोह का सरगना बताया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि प्रतिबंधित पक्षियों को मिर्जापुर और चंदौली के जंगलों से शिकारियों के माध्यम से खरीदकर लाया जाता था और फिर शहरों में उनकी सप्लाई की जाती थी। इस तरह गिरोह वन क्षेत्रों से पक्षियों को पकड़वाकर उनके अवैध व्यापार में संलिप्त था।
वन विभाग के अनुसार, बरामद पक्षी वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित हैं। इस मामले में अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को 20 नवंबर की सुबह न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस संयुक्त कार्रवाई में वाराणसी वन रेंज प्रभारी राजकुमार गौतम, उप क्षेत्रीय वनाधिकारी राहुल बलवंत, वन रक्षक अल्का चौरसिया सहित एसटीएफ की टीम शामिल रही। कार्रवाई के बाद वन विभाग ने वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।





