
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. राजातालाब काशी की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा और विरासत के प्रतीक पूर्व काशीनरेश महाराज डॉ. विभूति नारायण सिंह की जन्म शताब्दी शुक्रवार को श्रद्धा, सम्मान और सांस्कृतिक गौरव के साथ मनाई गई। सर्वभारतीय काशीराज न्यास एवं महाराज काशीराज धर्मार्थ निधि, दुर्ग रामनगर के तत्वावधान में महाराज बलवंत सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गंगापुर में भव्य एवं गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। इसमें महाराज के व्यक्तित्व, कृतित्व और काशी की सांस्कृतिक अस्मिता के संरक्षण में उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद गणेश वंदना, वैदिक मंगलाचरण और सरस्वती वंदना से पूरा वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक हो उठा। तत्पश्चात महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया गया।
इस अवसर पर न्यास के सचिव प्रोफेसर धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि महाराज डॉ. विभूति नारायण सिंह का जीवन शिक्षा, संस्कृति, धर्म और सामाजिक समरसता के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण है। वे काशी की सांस्कृतिक अस्मिता और गौरवशाली परंपराओं के सच्चे संरक्षक थे। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं।
समारोह में उपस्थित विद्वानों एवं वक्ताओं ने महाराज से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए उनके बहुआयामी व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि उनके व्यक्तित्व में भारतीय परंपराओं के प्रति गहरी आस्था के साथ आधुनिक सोच का भी अद्भुत समन्वय था। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराज डॉ. अनंत नारायण सिंह ने की। उन्होंने कहा कि जन्म शताब्दी समारोह केवल किसी महान व्यक्तित्व का स्मरण करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके विचारों, मूल्यों और आदर्शों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प भी है। उन्होंने काशी की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और नई पीढ़ी को इससे जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस दौरान व्योमेश शुक्ल, प्रोफेसर पीवी सिंह, प्रोफेसर हरिकेश सिंह, सुरजीत सिंह डंग, प्रोफेसर तेनजिन नोरबू, प्रोफेसर बिहारी लाल शर्मा, प्रोफेसर आनंद कुमार त्यागी सहित बाबू धर्मनी प्रसाद नारायण सिंह मौजूद रहे। अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर सतीश कुमार राय ने किया, जबकि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर पुरुषोत्तम सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, प्राचार्य अनिल प्रताप सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समारोह ने काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा महाराज डॉ. विभूति नारायण सिंह के विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।





