
-पानी निकासी और सीवर की समस्या का प्राथमिकता पर होगा समाधान, निर्माण कार्य की प्रतिदिन होगी निगरानी; 5.6 मीटर से बढ़कर 17.5 मीटर चौड़ी होगी सड़क
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। काशी के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र दालमंडी में चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं विकास कार्य को लेकर अब जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को शहर दक्षिणी के विधायक एवं प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ दालमंडी पहुंचकर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य की धीमी प्रगति, निर्माण में हो रही देरी, जल निकासी और सीवर से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बारिश के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ था, लेकिन अब कार्य की गति जमीन पर दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि 15 दिसंबर तक मार्ग को आवागमन के योग्य बनाया जाए तथा 30 दिसंबर तक सीवर, पेयजल और सड़क से संबंधित प्रमुख कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। इसके लिए जिलाधिकारी से आवश्यकता के अनुसार अधिकारियों की तैनाती कर प्रतिदिन निर्माण कार्यों की निगरानी सुनिश्चित कराने को कहा।
विधायक ने स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि दालमंडी क्षेत्र में जलजमाव और सीवर की समस्या को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। इन समस्याओं का तत्काल समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए, ताकि निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और अभियंताओं को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि दालमंडी का चौड़ीकरण केवल सड़क निर्माण की परियोजना नहीं, बल्कि काशी की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस परियोजना के पूरा होने से मैदागिन, नई सड़क, चौक और गोदौलिया सहित आसपास के प्रमुख क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों को काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंचने में भी काफी सहूलियत मिलेगी।
परियोजना के तहत लगभग 650 मीटर लंबे दालमंडी मार्ग को वर्तमान करीब 5.6 मीटर की चौड़ाई से बढ़ाकर 17.5 मीटर तक चौड़ा किया जाना है। लगभग 216 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए अगस्त 2026 में विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई थी। परियोजना के अंतर्गत चिह्नित भवनों को हटाने की कार्रवाई के बाद अब सड़क, सीवर और पेयजल व्यवस्था से जुड़े निर्माण कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
दालमंडी क्षेत्र काशी के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में शामिल है। यहां की संकरी गलियों और सड़कों के कारण लंबे समय से जाम की समस्या बनी रहती है। चौड़ीकरण का कार्य पूरा होने से न केवल यातायात का दबाव कम होगा, बल्कि स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के बाद विधायक ने अधिकारियों को समयसीमा का कड़ाई से पालन करने का संदेश दिया। अब प्रशासन की निगाहें निर्माण कार्य की प्रतिदिन की प्रगति पर रहेंगी। वहीं स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों को भी उम्मीद है कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा होने से दालमंडी की तस्वीर बदलेगी और काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंचने का रास्ता पहले से अधिक सुगम होगा।





