
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। गाजीपुर आगामी डाला छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने शनिवार को थाना कोतवाली एवं सैदपुर क्षेत्र के प्रमुख गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, जल स्तर और यातायात प्रबंधन का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने सिकंदरपुर, पीर नगर, ददरी घाट, साईं मंदिर, कलेक्टर घाट, फुलवारी खुर्द रामघाट, पक्का घाट और बूढ़े महादेव मंदिर घाट का निरीक्षण किया। गहरे पानी वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जल पुलिस, प्रशिक्षित गोताखोरों और नावों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
घाटों एवं संपर्क मार्गों पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छता, चेंजिंग रूम और सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों और एंटी रोमियो स्क्वाड की तैनाती तथा सुचारु यातायात के लिए व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, उपजिलाधिकारी सैदपुर, क्षेत्राधिकारी सैदपुर सहित कोतवाली और सैदपुर के प्रभारी निरीक्षक एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





