
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: धर्मनगरी काशी में गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने का गंभीर मामला सामने आया है। दीपावली की खरीदारी कराने के बहाने 20 वर्षीय छात्रा को अपने साथ ले जाने वाले शिक्षक पर दुष्कर्म का आरोप लगा है। घटना के बाद छात्रा की हालत बिगड़ गई और उसे अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। घबराया आरोपी उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों की सतर्कता से पूरे मामले का खुलासा हुआ। सूचना पर पहुंची चेतगंज पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया।
शॉपिंग के बहाने छात्रा को कमरे पर ले गया शिक्षक
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय युवती आर्य महिला डिग्री कॉलेज में स्नातक तृतीय वर्ष की छात्रा है। आरोपी शिक्षक अभिषेक कुमार तिवारी (40), मूल निवासी भदोही, चेतगंज थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रहता है और उसी कॉलेज में अध्यापन करता है।
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार को आरोपी ने छात्रा को दीपावली की खरीदारी कराने के बहाने बाजार बुलाया। दोपहर करीब तीन बजे छात्रा घर से निकली और आरोपी के साथ स्मार्ट बाजार पहुंची। वहां खरीदारी और भोजन करने के बाद आरोपी उसे चेतगंज स्थित अपने किराये के कमरे पर ले गया।
दुष्कर्म के आरोप के बाद बिगड़ी छात्रा की हालत
आरोप है कि कमरे पर पहुंचने के बाद शिक्षक ने छात्रा के साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान छात्रा को गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे आनन-फानन में एलायंस अस्पताल लेकर पहुंचा।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बावजूद रक्तस्राव नहीं रुकने पर चिकित्सकों ने परिजनों को सूचना देने को कहा। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा की मां को फोन कर दुर्घटना में चोट लगने की बात बताई।
डॉक्टरों ने बताई हकीकत, परिजनों ने पुलिस को दी सूचना
बेटी की गंभीर हालत देखकर मां अस्पताल पहुंचीं। इसी दौरान चिकित्सकों ने उन्हें घटना की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद परिजनों ने विरोध जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
आरोपी शिक्षक गिरफ्तार, छात्रा की हालत चिंताजनक
सूचना मिलते ही चेतगंज थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आरोपी अभिषेक कुमार तिवारी को हिरासत में ले लिया। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
उधर, छात्रा की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर शिक्षण संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षक-छात्र संबंधों की मर्यादा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





