
-सैयदराजा पुलिस की चेकिंग के दौरान कार्रवाई, बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई; गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: चंदौली सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गोवंश तस्करी के प्रयास को नाकाम करते हुए पांच गोवंश बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप, एक चापड़ और की-पैड मोबाइल भी बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर सैयदराजा पुलिस टीम ग्राम भगवानपुर रेलवे फाटक के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक पिकअप वाहन को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन मोड़कर भागने लगा। आरोप है कि भागते समय चालक ने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की नीयत से उन पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ से अपनी जान बचाई।
भागने के दौरान पिकअप हाईवे और सर्विस लेन के बीच बने नाले के डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उसका अगला दाहिना टायर फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर रुक गया। तलाशी लेने पर उसमें पांच गोवंश और एक चापड़ बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से रतन कुमार (23) निवासी पट्टी नरेन्द्रपुर, थाना सरपतहां, जनपद जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, बीएनएस और आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी जौनपुर के शाहगंज थाने में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद सहित पुलिस टीम ने अंजाम दिया।





