
-बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण कर रहा था आरोपी, छह बोरियों में बरामद हुआ विस्फोटक सामान
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: दीपावली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लक्सा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मीरसर पोखरा क्षेत्र स्थित एक मकान में छापेमारी कर छह बोरियों में रखे कुल 145 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए। मौके से संजय कुमार (40) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर को उपनिरीक्षक घनश्याम मिश्रा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मीरसर पोखरा निवासी एक व्यक्ति अपने मकान में बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण कर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो मकान से छह बोरियों में भरे 145 किलो पटाखे बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने मकान में किराने की दुकान चलाता है और दीपावली सहित अन्य त्योहारों पर बिक्री कर मुनाफा कमाने के उद्देश्य से पटाखे जमा किए थे। उसने छोटे पटाखे होने के कारण उनका लाइसेंस नहीं लिया था।
पुलिस ने आरोपी संजय कुमार पुत्र स्वर्गीय विजय कुमार निवासी डी-48/63, मीरसर पोखरा, थाना लक्सा, वाराणसी के खिलाफ मु0अ0सं0 92/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस एवं विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9बी(1)(बी) में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





