
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: आजमगढ़ अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन श्री नवीन अरोड़ा ने सोमवार को जनपद आजमगढ़ का वार्षिक निरीक्षण-2026 किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर अभिलेखों, कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। साथ ही पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस कार्यालय पहुंचने पर एडीजी को गार्द द्वारा सलामी दी गई। इसके बाद पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की मौजूदगी में अपर पुलिस अधीक्षक नगर कार्यालय, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कार्यालय, आंकिक शाखा, डीसीआरबी सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया गया। एडीजी ने अभिलेखों के रखरखाव और कार्यों के निस्तारण की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी अभिलेख व्यवस्थित रखने तथा लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस कार्यालय के सभागार में जनपद के राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, विवेचनाओं की गुणवत्ता, लंबित मुकदमों और जनशिकायतों के निस्तारण, वांछित एवं इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा यातायात व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
एडीजी नवीन अरोड़ा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंभीर अपराधों में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। लंबित विवेचनाओं और अभियोगों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो। आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान किया जाए। अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाकर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जाए।
निरीक्षण कार्यक्रम के अगले चरण में पुलिस लाइन आजमगढ़ में जनप्रतिनिधियों के साथ भेंट एवं संवाद किया गया। एडीजी ने उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा जनहित एवं सुरक्षा से जुड़े मामलों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके अतिरिक्त गणमान्य नागरिकों, पीस कमेटी के सदस्यों और विभिन्न व्यापार संगठनों के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक की गई। इस दौरान जनपद में शांति, सौहार्द और सामाजिक समरसता बनाए रखने के साथ ही पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में एडीजी नवीन अरोड़ा ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता की। इसमें वार्षिक निरीक्षण के दौरान की गई समीक्षा, पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और जनहित में संचालित पुलिस अभियानों की जानकारी साझा की गई। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब भी दिया।
इस अवसर पर डीआईजी सुनील कुमार सिंह, एसएसपी डॉ. अनिल कुमार, एएसपी नगर मानुष पारीक, एएसपी यातायात पंकज श्रीवास्तव सहित जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे। इसके अलावा जौनपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही के आईपीएस अधिकारी भी निरीक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए।




