
-सड़क चौड़ीकरण के लिए पोल और केबल होंगे शिफ्ट, सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रभावित रहेगी आपूर्ति
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: शहर में सड़क चौड़ीकरण के कार्य को गति देने के लिए शुक्रवार को बिजली विभाग की ओर से पोल और केबल शिफ्ट करने का कार्य कराया जाएगा। इसके चलते शहर के आधा दर्जन से अधिक इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विभाग की ओर से अलग-अलग उपकेंद्रों के कई फीडरों को निर्धारित समय के लिए बंद रखा जाएगा। इससे संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा।
दौलतपुर उपकेंद्र के पांच फीडर रहेंगे बंद-
दौलतपुर उपकेंद्र से जुड़े प्रेमचन्द नगर, रमरेपुर, श्रीनगर, आवास विकास और भक्ति नगर फीडर शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक बंद रहेंगे। इस दौरान पहड़िया स्थित कालीमाता मंदिर, अशोक विहार, प्रेमचन्द्र कॉलोनी समेत आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। सड़क चौड़ीकरण में बाधक बन रहे बिजली के पोल और केबल को निर्धारित समय के भीतर शिफ्ट करने का कार्य किया जाएगा।
डीपीएच उपकेंद्र से भी ठप रहेगी आपूर्ति-
वहीं, डीपीएच उपकेंद्र के टाउन-1, टाउन-5 और ब्लॉक रोड फीडर से जुड़े क्षेत्रों में भी शुक्रवार को बिजली कटौती रहेगी। इन फीडरों से सुबह 11:30 बजे से दोपहर दो बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उपभोक्ता पहले ही निपटा लें जरूरी काम-
बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण घरेलू कार्यों के साथ ही दुकानदारों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का कामकाज भी प्रभावित हो सकता है। ऐसे में उपभोक्ताओं के लिए बेहतर होगा कि वे बिजली कटौती को ध्यान में रखते हुए पानी भरने, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चार्ज करने जैसे जरूरी कार्य पहले ही निपटा लें। सड़क चौड़ीकरण के लिए पोल और केबल शिफ्ट करने का कार्य पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।




