
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चन्दौली पूर्व की नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने और किसी भी संभावित संदिग्ध गतिविधि की रोकथाम के लिए चन्दौली पुलिस ने मंगलवार को मझगावा और जय मोहनी क्षेत्र में व्यापक कांबिंग व सर्च ऑपरेशन चलाया। क्षेत्राधिकारी नौगढ़ देवेन्द्र कुमार के नेतृत्व में थाना चकरघट्टा पुलिस और क्यूआरटी टीम ने पहाड़ी व जंगलाती इलाकों में पैदल गश्त करते हुए संवेदनशील स्थानों की सघन तलाशी ली।
पुलिस टीम ने दुर्गम इलाकों, पगडंडियों, संभावित छिपने के स्थानों और आसपास के जंगलों में चेकिंग की। अभियान के दौरान फ्लैग मार्च कर ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया गया।

कांबिंग के बाद पुलिस टीम ने मझगावा और जय मोहनी गांवों में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। चौपाल और पैदल गश्त के दौरान युवाओं, बुजुर्गों और स्थानीय नागरिकों से कानून-व्यवस्था तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि के संबंध में जानकारी ली गई।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल होने की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों ने फिलहाल किसी नक्सली गतिविधि, संदिग्ध आवाजाही या सुरक्षा संबंधी समस्या की जानकारी नहीं दी।
क्षेत्राधिकारी नौगढ़ ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी अपरिचित या संदिग्ध व्यक्ति को पनाह न दें। जंगल अथवा गांव के आसपास संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या थानाध्यक्ष के सीयूजी नंबर पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
चन्दौली पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा, भयमुक्त वातावरण और नक्सली व असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम के लिए कांबिंग और पेट्रोलिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




