
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने निर्वाचन तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को चुनाव प्रेक्षक प्रांजल यादव एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कमिश्नर सभागार में बनाए गए नामांकन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नामांकन प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की बारीकी से जानकारी ली। उन्होंने नामांकन स्थल पर अभ्यर्थियों एवं उनके प्रस्तावकों के आवागमन, बैठने की व्यवस्था, आवश्यक दस्तावेजों की जांच, सुरक्षा प्रबंध तथा निर्वाचन संबंधी अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने यह भी देखा कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों के अनुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली गई तथा नामांकन स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा एवं निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। नामांकन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
चुनाव प्रेक्षक प्रांजल यादव ने भी निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नामांकन के दौरान निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान संबंधित निर्वाचन अधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन द्वारा एमएलसी चुनाव को लेकर सभी तैयारियों को व्यवस्थित रूप से अंतिम रूप दिया जा रहा है।




