
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल चिकित्सालय की ओर से 29 सितम्बर को गाजीपुर जंक्शन पर संविदा सफाई कर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.जे. चौधुरी के नेतृत्व में आयोजित शिविर में 50 से अधिक सफाई कर्मियों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।
गाजीपुर जंक्शन के वीआईपी कक्ष में आयोजित शिविर में बलिया के सीएमपी चिकित्सक डॉ. रैयद सबीर अंसारी ने सफाई कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान लिपिड प्रोफाइल, ब्लड शुगर, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन और ऑक्सीजन स्तर समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं।

जांच के दौरान जिन कर्मचारियों में स्वास्थ्य संबंधी असामान्यताएं पाई गईं, उन्हें चिकित्सकों द्वारा आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। साथ ही सफाई कर्मियों को नियमित व्यायाम, संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
रेल प्रशासन के अनुसार, शिविर का उद्देश्य सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी के साथ उन्हें बेहतर स्वास्थ्य और संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।





