
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चंदौली गांधी जयंती के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वावधान में ग्रांट थॉर्नटन भारत एलएलपी एवं श्री खादी आश्रम सेवा समिति, कमालपुर के सहयोग से राजकीय ITI कॉलेज रेवसा में खादी स्टॉल, स्वच्छता अभियान एवं युवा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 100 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को महात्मा गांधी के स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और खादी से जुड़े विचारों से परिचित कराना रहा। विद्यार्थियों को खादी की पहचान, उपयोगिता तथा स्थानीय कारीगरों और उत्पादों को बढ़ावा देने में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
खादी स्टॉल का अवलोकन राज्यसभा सांसद साधना सिंह, पं. दीनदयाल नगर विधायक रमेश जायसवाल तथा चकिया विधायक कैलाश खरवार ने किया। स्टॉल पर विभिन्न खादी उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जहां विद्यार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्पादों की जानकारी ली और खरीदारी भी की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ संवाद कर गांधी जी के विचारों पर चर्चा की गई। साथ ही हस्ताक्षर अभियान चलाया गया और छात्र-छात्राओं को “हर दिल में खादी प्रतिज्ञा” दिलाई गई।
विद्यार्थियों ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, खादी एवं ग्रामोद्योग को अपनाने, कारीगरों का सम्मान करने तथा आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक आर.के. चतुर्वेदी, जिला कार्यक्रम अधिकारी राज कपूर, ITI चंदौली के प्रधानाचार्य अजय कुमार यादव, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गिरजा प्रसाद, श्री खादी आश्रम सेवा समिति के लल्लन कुमार, ग्रांट थॉर्नटन भारत एलएलपी की पीएमसी टीम से रजनीश शर्मा सहित ITI के अध्यापक एवं स्टाफ मौजूद रहे।




