
-70 वर्षीय पति ने दो साथियों संग मिलकर पत्नी और नेत्रहीन बेटी को उतारा मौत के घाट, हत्या के बाद खुद ही पुलिस को दी गुमराह करने वाली तहरीर
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। बलिया रसड़ा थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद में मां-बेटी की दोहरी हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को लेकर चिंतित 70 वर्षीय रामचीज गुप्ता ने अपनी मानसिक रूप से अस्वस्थ पत्नी मान्ती देवी और नेत्रहीन बेटी गौरी की हत्या की साजिश रची। वारदात को अंजाम देने में उसके दो सहयोगी चंदन यादव और दिनेश गुप्ता भी शामिल रहे।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद रामचीज ने हत्या की कहानी को दूसरा रूप देने का प्रयास किया। उसने घर में फैले खून को साफ कराया और गांव में यह बात फैलाने की कोशिश की कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी पत्नी और बेटी की हत्या कर दी है।
मामले का खुलासा करने के लिए थाना रसड़ा पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान पुलिस को परिवार से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य मिले। पुलिस का दावा है कि इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर हत्या की साजिश की कड़ियां जुड़ती चली गईं।
पहले से बना रखी थी हत्या की योजना
पुलिस के अनुसार, रामचीज ने घटना से पहले मुस्तफाबाद चट्टी पर कथित तौर पर अपनी पत्नी और बेटी को जान से मारने अथवा खुद मर जाने की बात कही थी। बाद में उसने गांव के ही चंदन यादव और दिनेश गुप्ता को अपनी स्थिति बताकर दोनों की हत्या में सहयोग करने के लिए तैयार किया।
पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर की शाम करीब सात बजे तीनों ने मिलकर मां-बेटी की हत्या कर दी। इसके बाद गौरी के शव को घर के पास खेत में रख दिया गया और वारदात को अज्ञात हमलावरों की करतूत बताने की कोशिश की गई।
मुखबिर की सूचना पर तीनों गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को 19 सितंबर की तड़के करीब 3:30 बजे मुखबिर की सूचना पर सिधागरघाट से गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर घटना में कथित तौर पर प्रयुक्त लोहे का दाव और वारदात के समय पहने गए दो कपड़े बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में रामचीज गुप्ता (70), चंदन यादव (32) और दिनेश गुप्ता (करीब 35 वर्ष) शामिल हैं। तीनों मुस्तफाबाद गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 302/2026 के तहत धारा 103(1), 238, 61(2) बीएनएस तथा बढ़ोत्तरी धारा 4/25 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की है। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।
इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के अनावरण में थाना रसड़ा, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त भूमिका रही।





