- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में 17 एवं 18 सितंबर को आयोजित जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हुआ। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की समीक्षा बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बैठक में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण ‘जनसंख्या की गणना’ (Population Enumeration) की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों, तकनीकी सहायकों एवं गणना सहायकों को फील्ड में पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ आंकड़े संकलित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर द्वितीय चरण के सभी मानकों एवं प्रारूपों को पूरा किया जाए। प्रशिक्षण के दौरान दी गई जानकारी और तकनीकी बारीकियों को फील्ड में प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि गणना के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी अथवा व्यावहारिक समस्या उत्पन्न न हो।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना के मानकों, तकनीकी ऐप्स तथा रिपोर्टिंग प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। जिला प्रभारी द्वारा प्रशिक्षणार्थियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, समस्त चार्ज अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारी तथा तकनीकी एवं जनगणना सहायक मौजूद रहे।




