
-‘एक शाम अटल जी के नाम’ में गूंजेंगे गीत-गजल और ओज की हुंकार, डॉ. विष्णु सक्सेना समेत दिग्गज कवि बांधेंगे समां
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस। मेला श्री दाऊजी महाराज का माहौल शनिवार की रात कुछ अलग ही रंग में नजर आएगा। मेले के सांस्कृतिक मंच पर जब देश के नामचीन कवियों की आवाज गूंजेगी तो फिजाओं में अटल जी की यादें और राष्ट्रभाव घुल जाएगा। मौका होगा बहुप्रतीक्षित ‘एक शाम अटल जी के नाम’ का। शनिवार रात आठ बजे से आयोजित होने वाली इस काव्य संध्या में गीत, गजल, हास्य, व्यंग्य, ओज और वीर रस का ऐसा संगम देखने को मिलेगा, जिसका काव्यप्रेमी लंबे समय से इंतजार करते हैं।
श्रद्धेय पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व, राष्ट्रसेवा, साहित्य और उनकी कालजयी कविताओं को समर्पित इस शाम में देश के विख्यात गीत एवं गजल सम्राट डॉ. विष्णु सक्सेना अपनी रचनाओं से श्रोताओं को बांधेंगे। उनके साथ गौरव चौहान, अमित शर्मा, राम भदावर, सपना सोनी, डॉ. नितिन मिश्रा, दुर्गेश तिवारी और उन्नति भारद्वाज अपनी काव्य प्रस्तुतियों से मेले की रात को यादगार बनाएंगे।

कहीं ठहाके तो कहीं राष्ट्रभाव की हुंकार
काव्य संध्या में मंच पर कभी हास्य-व्यंग्य से ठहाके गूंजेंगे तो कभी ओज और वीर रस की कविताएं श्रोताओं में जोश भरेंगी। गीत और गजलों की मिठास के साथ राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत रचनाएं अटल जी की यादों को ताजा करेंगी। अटल जी की कविताओं और उनके विचारों से जुड़ी स्मृतियां भी इस विशेष आयोजन का हिस्सा रहेंगी।
अटल जी की स्मृति में 56 भोग, प्रसाद का मिलेगा लाभ
कार्यक्रम के दौरान मेला श्री दाऊजी महाराज में अटल जी की स्मृति में विशेष छप्पन भोग लगाया जाएगा। श्रद्धालुओं को छप्पन भोग के दर्शन और प्रसाद का लाभ प्राप्त होगा। इससे साहित्यिक आयोजन के साथ धार्मिक आस्था का रंग भी और गहरा होगा।
राजनीति, प्रशासन और समाज की कई हस्तियां रहेंगी मौजूद
कार्यक्रम में श्री गोविन्द जी, विभाग प्रचारक हरिगढ़ विभाग, श्री केशव चौधरी, अतिरिक्त अपर पुलिस आयुक्त गाजियाबाद, श्री ब्रजबहादुर भारद्वाज, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा, सांसद श्री अनूप प्रधान वाल्मीकि, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सीमा उपाध्याय, विधायक श्रीमती अंजुला माहौर, विधायक श्री वीरेन्द्र सिंह राणा और जिलाध्यक्ष श्री प्रेम सिंह कुशवाह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
आयोजक तरुण शर्मा, जय शर्मा एवं प्रवीन खंडेलवाल ने बताया कि ‘एक शाम अटल जी के नाम’ मेला श्री दाऊजी महाराज के प्रमुख वार्षिक आयोजनों में अपनी विशेष पहचान बना चुका है। हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्यक्रम को लेकर काव्यप्रेमियों और नगरवासियों में खासा उत्साह है। उन्होंने नगरवासियों, साहित्य प्रेमियों और काव्य रसिकों से शनिवार रात बड़ी संख्या में पहुंचकर इस विशेष काव्य संध्या का आनंद लेने का आह्वान किया।
इस मौके पर अमित कुशवाह, मयंक वार्ष्णेय, रोहित अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, विजय गुप्ता, ऋषि वार्ष्णेय, दीपक भारद्वाज, गोपाल कृष्ण शर्मा, डॉ. नीरज शर्मा, बालप्रकाश वार्ष्णेय, प्रशांत खंडेलवाल, अमरदीप, अनमोल अग्निहोत्री, किशन भारती, हर्षित गौड़ आदि मौजूद रहे।




