
-3.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, टीवी व गैस सिलेंडर बरामद
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: चन्दौली मुगलसराय थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले कथित अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित दिन में बंद मकानों की रेकी करते थे और रात में ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे और निशानदेही से 3.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, दो लैपटॉप, एलईडी टीवी और गैस सिलेंडर समेत चोरी का अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मुगलसराय थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में स्वाट, सर्विलांस और मुगलसराय पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गई थीं।
16 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इंडियन इंस्टीट्यूट स्थित नाच घर के पास घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक वहां सफेद रंग की वेन्यू कार और ऑटो रिक्शा के पास कुछ संदिग्ध लोग चोरी के सामान और रुपये के बंटवारे की बातचीत कर रहे थे। मौके से आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी और पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान और नकदी बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपितों ने मुगलसराय, चन्दौली और बलुआ थाना क्षेत्रों में चोरी की कई घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इन घटनाओं से जुड़े होने का पुलिस ने किया दावा
जांच के दौरान पुलिस ने मुगलसराय क्षेत्र में हाल में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा करने का दावा किया है। इनमें 25 अगस्त को सिद्धार्थपुरम कॉलोनी में बाबूलाल प्रसाद यादव के घर से आभूषण और नकदी, 26 अगस्त को आरपीएफ कॉलोनी स्थित रेलवे क्वार्टर से आभूषण, गैस सिलेंडर, टीवी और नकदी, एक अगस्त को इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी से आभूषण और एक लाख रुपये, 31 अगस्त को न्यू सेंट्रल कॉलोनी से नकदी व आभूषण तथा 20/21 अगस्त की रात ओल्ड सेंट्रल कॉलोनी स्थित रेलवे क्वार्टर से लैपटॉप, अंगूठी और नकदी चोरी की घटनाएं शामिल हैं।
चोरी के रुपयों से खरीदी वेन्यू कार भी बरामद
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वेन्यू कार संख्या UP67AB8628 और ऑटो रिक्शा संख्या UP65JT0599 भी बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि वेन्यू कार चोरी के रुपयों से खरीदी गई थी।
बरामदगी में दो डेल लैपटॉप, एक सोनी एलईडी टीवी, एक इंडेन गैस सिलेंडर, दो जोड़ी पायल, तीन मीना, एक अंगूठी और एक कान की बाली शामिल हैं। इसके अलावा आरोपितों के पास से कई मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपित
गिरफ्तार आरोपितों में प्रशान्त सोनी उर्फ बाबू सेठ (30), विशाल भारती (31), रहमान उर्फ आंखी (24), राजेश सिंह (19), अनिल गुप्ता (19), दीपक जायसवाल उर्फ रवीन्द्र कुमार जायसवाल (35), तुषार वर्मा (23) और लकी जायसवाल (20) शामिल हैं। सभी चन्दौली जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों में कुछ के खिलाफ पूर्व में भी चोरी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। विशेष रूप से प्रशान्त सोनी, विशाल भारती, रहमान, तुषार वर्मा और लकी जायसवाल के खिलाफ पूर्व के कई मुकदमों का आपराधिक इतिहास पुलिस ने जारी किया है।
पुलिस टीम में मुगलसराय थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, स्वाट प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव, सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मियों समेत थाना मुगलसराय की टीम शामिल रही।




