
-दशहरा, दीपावली और छठ पर यात्रियों को राहत, पूर्वोत्तर रेलवे ने बढ़ाई विशेष ट्रेनों की सुविधा
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Gorakhpur/Varanasi: आगामी दशहरा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से योग नगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर और अहमदाबाद-दरभंगा के बीच पूजा विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों के चलने से त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन के 18 फेरे
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 04314/04313 योग नगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर-योग नगरी ऋषिकेश द्वि-साप्ताहिक आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा। ट्रेन संख्या 04314 योग नगरी ऋषिकेश से 1 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार और बृहस्पतिवार को चलेगी। वहीं ट्रेन संख्या 04313 मुजफ्फरपुर से 2 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को संचालित होगी। इस ट्रेन के कुल 18 फेरे लगाए जाएंगे।
योग नगरी ऋषिकेश से ट्रेन दोपहर 3:20 बजे रवाना होकर हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, सीवान, छपरा, सोनपुर और हाजीपुर होते हुए अगले दिन सुबह 11:45 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।
वापसी में मुजफ्फरपुर से ट्रेन दोपहर 1:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:15 बजे योग नगरी ऋषिकेश पहुंचेगी।
इस विशेष ट्रेन में एसी द्वितीय श्रेणी का एक, एसी तृतीय श्रेणी के दो, शयनयान के नौ, सामान्य द्वितीय श्रेणी के चार और एसएलआर के दो कोच समेत कुल 18 कोच होंगे।
अहमदाबाद-दरभंगा पूजा स्पेशल 18 सितंबर से
दशहरा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए रेलवे ने 09465/09466 अहमदाबाद-दरभंगा-अहमदाबाद पूजा विशेष ट्रेन चलाने का भी निर्णय लिया है। यह ट्रेन वाराणसी, औंड़िहार, गाजीपुर सिटी, छपरा, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर के रास्ते संचालित होगी।
ट्रेन संख्या 09465 अहमदाबाद-दरभंगा विशेष अहमदाबाद से 18 और 25 सितंबर तथा 2, 9, 16, 23, 30 अक्टूबर और 6, 13, 20, 27 नवंबर 2026 को प्रत्येक शुक्रवार को रवाना होगी।
अहमदाबाद से यह ट्रेन रात 8:25 बजे चलेगी। इसके बाद छायापुरी, रतलाम, उज्जैन, गुना, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, गोविन्दपुरी, फतेहपुर, प्रयागराज, ज्ञानपुर रोड और वाराणसी होते हुए औंड़िहार, गाजीपुर सिटी, छपरा, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर के रास्ते तीसरे दिन सुबह 10:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 09466 दरभंगा-अहमदाबाद विशेष दरभंगा से 21, 28 सितंबर, 5, 12, 19, 26 अक्टूबर, 2, 9, 16, 23, 30 नवंबर और 2 दिसंबर 2026 को रवाना होगी।
दरभंगा से सुबह 3 बजे चलकर ट्रेन समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, छपरा, गाजीपुर सिटी, औंड़िहार और वाराणसी होते हुए प्रयागराज, फतेहपुर, गोविन्दपुरी, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, गुना, उज्जैन, रतलाम और छायापुरी के रास्ते अहमदाबाद शाम 4:35 बजे पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार, अहमदाबाद-दरभंगा पूजा विशेष ट्रेन की रेक संरचना पूर्ववत रहेगी। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इन विशेष ट्रेनों के संचालन से उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।





