
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने शनिवार को वाराणसी सिटी–भटनी रेलखंड पर स्थित मऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास एवं आधुनिकीकरण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
डीआरएम ने स्टेशन भवन, यात्री प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवरब्रिज, पेयजल, शौचालय, दिव्यांगजन सुविधाओं, पार्किंग, यात्री सूचना प्रणाली, टिकट काउंटर, प्रकाश व्यवस्था और खान-पान स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्री सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
संरक्षा व्यवस्था की भी जांच
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन की संरक्षा व्यवस्था का भी विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने केंद्रीकृत स्टेशन पैनल, वीडर काउंटर, रिले रूम, लॉक एंड ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट, ओएफसी रूम, एक्सल काउंटर और आईपीएस रूम सहित विभिन्न संरक्षा उपकरणों की जांच की।
उन्होंने विफलता रजिस्टर, अनुरक्षण रजिस्टर, रिले रूम चाबी हस्तांतरण रजिस्टर, पॉइंट्स एंड क्रॉसिंग रजिस्टर तथा स्टेशन वर्किंग रूल का भी अवलोकन किया। स्टेशन अधीक्षक एवं कर्मचारियों से ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन की जानकारी लेते हुए डीआरएम ने संरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन, उपकरणों के नियमित अनुरक्षण और ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
रेलवे कॉलोनी और आरपीएफ बैरक का भी लिया जायजा
आशीष जैन ने रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण कर आवासों, स्वच्छता, पेयजल, नालियों, सड़कों और प्रकाश व्यवस्था की स्थिति देखी। उन्होंने कॉलोनी में नियमित साफ-सफाई, जल निकासी व्यवस्था बेहतर रखने और कर्मचारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मऊ रेलवे सुरक्षा बल बैरक का निरीक्षण कर स्वच्छता एवं रख-रखाव सुनिश्चित करने को कहा। सिग्नल सेक्शन इंजीनियर कार्यालय में अभिलेखों एवं उपकरणों को व्यवस्थित रखने तथा उनके नियमित अनुरक्षण पर भी विशेष जोर दिया।
डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि रेलवे प्रशासन के निरंतर प्रयासों से मऊ जंक्शन आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और पूर्णतः यात्री-अनुकूल बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विकास कार्य पूरे होने के बाद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान मंडल इंजीनियर (सामान्य) लोकेश कुमार सगरवंशी, सहायक मंडल इंजीनियर (मऊ) सुनील पाण्डेय, सहायक मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर वीरेन्द्र कुमार बोनाल सहित संबंधित वरिष्ठ पर्यवेक्षक मौजूद रहे।





