
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चन्दौली जनता की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर चन्दौली पुलिस लगातार गंभीरता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कर विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं। उन्होंने फरियादियों से प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर न्यायोचित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से स्वयं वार्ता कर शिकायतों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फरियादियों की शिकायतों का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर उन्हें न्याय दिलाना चन्दौली पुलिस की प्राथमिकता है।
एसपी आकाश पटेल ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाले नागरिकों, आवेदकों एवं फरियादियों के साथ शिष्ट, विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए उसके गुण-दोष के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को पुलिस से त्वरित न्याय और प्रभावी सहायता मिल सके।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा।
जनसुनवाई में कुल 14 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके शीघ्र निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। एसपी की इस पहल से फरियादियों में अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर भरोसा नजर आया।





