
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी श्री आशीष जैन के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल आंकड़ा एवं संसाधन प्रबंधक तथा राजभाषा अधिकारी श्री आशुतोष पाण्डेय के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल में 09 से 23 सितम्बर 2026 तक हिंदी पखवाड़ा मनाया जा रहा है। हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत रेल कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में 10 सितम्बर को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित भारतेंदु सभाकक्ष में राजभाषा विभाग के तत्वावधान में हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मंडल कार्यालय एवं विभिन्न स्टेशनों से आए कुल 25 रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के लिए “समाचार-पत्रों की हिंदी” तथा “आपदा के समय मानवता और सामूहिक जिम्मेदारी” जैसे विषय निर्धारित किए गए। प्रतिभागियों ने अपने विचारों और रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति अपनी रुचि एवं प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
इस अवसर पर कर्मचारियों में हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को 23 सितम्बर 2026 को आयोजित हिंदी पखवाड़ा समापन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
वाराणसी मंडल में आयोजित यह आयोजन न केवल रेलकर्मियों की रचनात्मक प्रतिभा को सामने लाने का माध्यम बना, बल्कि कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने और राजभाषा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।




