
-गाजियाबाद से एक माह से लापता थी महिला, मिशन शक्ति प्रभारी की काउंसिलिंग से परिजनों तक पहुंची पुलिस
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: चेतगंज पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ एक महिला को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। महिला गाजियाबाद जनपद की रहने वाली थी और करीब एक माह से लापता थी।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर गुमशुदा व्यक्तियों की सकुशल बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 28/29 अगस्त की रात चेतगंज थाना क्षेत्र के लहुराबीर चौराहे पर रात्रि ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला घूमती हुई दिखाई दी। पुलिसकर्मी उसे थाने लेकर पहुंचे और महिला हेल्प डेस्क पर बैठाया गया।
इसके बाद मिशन शक्ति प्रभारी द्वारा महिला की काउंसिलिंग की गई। काउंसिलिंग के दौरान महिला से उसके परिजनों का मोबाइल नंबर प्राप्त कर संपर्क किया गया। बातचीत में पता चला कि महिला गाजियाबाद की निवासी है और 26 जुलाई 2026 को घर से डॉक्टर को दिखाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने इस संबंध में थाना वेब सिटी, गाजियाबाद में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
चेतगंज पुलिस ने महिला के सकुशल बरामद होने की सूचना उसके परिजनों को दी। सूचना मिलने पर महिला के भाई और बहन थाना चेतगंज पहुंचे, जहां आवश्यक कार्रवाई के बाद महिला को उनके सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय बाद महिला को सकुशल देखकर परिजन भावुक और बेहद प्रसन्न हुए तथा उन्होंने चेतगंज पुलिस के इस सराहनीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक राहुल बरनवाल, महिला उपनिरीक्षक आदर्शिका, कांस्टेबल मनीष शर्मा कुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल अलंकार शामिल रहे।




