
New Delhi: मेटा के स्वामित्व वाले मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने यूजर्स की प्राइवेसी और अकाउंट सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई नए सिक्योरिटी फीचर्स पेश किए हैं। नए अपडेट के तहत यूजर्स एक ही WhatsApp अकाउंट के लिए कई Passkeys जोड़ सकेंगे। इसके अलावा टू-स्टेप वेरिफिकेशन में ज्यादा मजबूत पासवर्ड बनाने और अनजान नंबरों से आने वाली कॉल की पहचान करने की सुविधा भी दी जा रही है।
कंपनी के मुताबिक, इन सुरक्षा सुविधाओं का उद्देश्य ऑनलाइन स्कैम, फ्रॉड और अकाउंट हैकिंग के जोखिम को कम करना है।
एक अकाउंट पर जोड़ सकेंगे कई Passkeys
WhatsApp के अनुसार, Passkey फीचर को दुनियाभर में बड़ी संख्या में यूजर्स अपना रहे हैं। Passkey की मदद से दोबारा लॉगिन करते समय पारंपरिक वेरिफिकेशन कोड या OTP की जरूरत नहीं पड़ती। यूजर अपने फोन के फिंगरप्रिंट, Face ID या स्क्रीन लॉक के जरिए अकाउंट को सुरक्षित तरीके से एक्सेस कर सकता है।
नए अपडेट के बाद Android और iOS दोनों डिवाइस इस्तेमाल करने वाले यूजर्स एक ही WhatsApp अकाउंट के लिए एक से ज्यादा Passkey जोड़ सकेंगे। इसके लिए WhatsApp की Settings > Account > Passkeys में जाकर Passkey जोड़ी जा सकती है।
6 अंकों के PIN से आगे बढ़ेगा टू-स्टेप वेरिफिकेशन
WhatsApp ने टू-स्टेप वेरिफिकेशन को भी ज्यादा मजबूत बनाने की दिशा में बदलाव किया है। अब यूजर्स सिर्फ 6 अंकों के PIN तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि अक्षरों, अंकों और स्पेशल कैरेक्टर को मिलाकर मजबूत पासवर्ड तैयार कर सकेंगे।
कंपनी ने यूजर्स को आसान और कमजोर PIN या पासवर्ड, जैसे 123456, इस्तेमाल न करने की सलाह दी है। मजबूत पासवर्ड से अकाउंट की सुरक्षा बढ़ाने में मदद मिलेगी।
अनजान नंबर से कॉल पर मिलेगी अहम जानकारी
साइबर ठगी के मामलों में अनजान नंबरों से आने वाली कॉल का इस्तेमाल अक्सर लोगों को जल्दबाजी में निर्णय लेने के लिए किया जाता है। WhatsApp ने ऐसे मामलों से निपटने के लिए अनजान नंबरों से आने वाली कॉल को लेकर अतिरिक्त जानकारी उपलब्ध कराने की सुविधा शुरू की है।
Android यूजर्स को कॉल आने के दौरान यह जानकारी दिखाई दे सकती है कि कॉल करने वाला नंबर किस देश का है और क्या वह कॉलर किसी कॉमन WhatsApp ग्रुप का हिस्सा है। इससे यूजर कॉल रिसीव करने, नजरअंदाज करने या नंबर को ब्लॉक करने का फैसला ज्यादा सावधानी से ले सकेंगे।
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन रहेगा बरकरार
WhatsApp ने स्पष्ट किया है कि नए सिक्योरिटी फीचर्स के बावजूद यूजर्स के निजी मैसेज और कॉल्स की एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन सुरक्षा बरकरार रहेगी। यानी व्यक्तिगत बातचीत की सुरक्षा में कोई बदलाव नहीं किया गया है।




