
Ghaziabad: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और 15 वर्षीय बेटी की हत्या करने तथा 14 वर्षीय दूसरी बेटी पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। हमले में घायल किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
घटना खोड़ा कॉलोनी के लोकप्रिय विहार की गली नंबर-3 स्थित एक इमारत की चौथी मंजिल पर हुई। मृतकों की पहचान बीबी तबस्सुम और उनकी 15 वर्षीय बेटी सना तबस्सुम के रूप में हुई है। वहीं, घायल 14 वर्षीय बेटी की पहचान रूबी तबस्सुम के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद खोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी राजा अंसारी, निवासी अररिया, बिहार को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, राजा अंसारी अपनी पत्नी और दोनों बेटियों के साथ मकान की चौथी मंजिल पर रहता था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने पत्नी और बड़ी बेटी की हत्या कर दी, जबकि छोटी बेटी पर भी हमला किया।
घायल रूबी को तत्काल एमजी अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
देर रात मिली थी वारदात की सूचना
इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, 22 अगस्त 2026 की रात करीब 12:15 बजे थाना खोड़ा पुलिस को लोकप्रिय विहार की गली नंबर-3 में महिला और उसकी बेटी की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





