
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। यात्रियों की संरक्षा, सुरक्षा और रेलवे की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के साथ राजस्व वृद्धि के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वाराणसी मंडल के 11 रेलकर्मियों को जुलाई 2026 के लिए ‘एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने भारतेन्दु सभागार में आयोजित समारोह में चयनित कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान किए।
समारोह में डीआरएम ने कहा कि भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की संरक्षा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वाराणसी मंडल के विभिन्न विभागों ने आपसी समन्वय, टीम भावना और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए संरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने संभावित दुर्घटनाओं को टालने और रेल संपत्ति व यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और दायित्वबोध अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों से हर परिस्थिति में सजगता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इन 11 रेलकर्मियों को मिला सम्मान
‘एक्सीलेंस अवार्ड’ पाने वालों में प्रशांत विश्वकर्मा (लेखा विभाग, वाराणसी), उपेन्द्र यादव (सीनियर कमर्शियल कम टिकट क्लर्क, गाजीपुर सिटी), सत्यप्रकाश यादव (सहायक गा.प्र., गाजीपुर सिटी), विपुल कुमार (लोको पायलट, छपरा), अनिल यादव (ट्रैकमैन्टेनर-III/गेटमैन, खुरहट), संजय कुमार (ट्रैकमैन्टेनर-II, पंचरुखी), रमाशंकर कुशवाहा (सीनियर सेक्शन इंजीनियर, माधोसिंह), धीरेन्द्र कुमार सिंह (स्टेशन मास्टर, सैदपुर भीतरी), अभिषेक कुमार यादव (कांस्टेबल, बलिया), चंदन कुमार (जूनियर इंजीनियर/टीआरडी, छपरा) और अविनाश कुमार मिश्रा (यातायात निरीक्षक-संरक्षा, वाराणसी) शामिल हैं।
रेलवे अधिकारियों ने बढ़ाया कर्मचारियों का उत्साह
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष शुक्ला, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बलेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
समारोह में सम्मानित रेलकर्मियों की उपलब्धियों को सराहा गया और उम्मीद जताई गई कि उनकी कार्यकुशलता तथा समर्पण से अन्य कर्मचारी भी प्रेरणा लेकर रेलवे की सुरक्षा और संरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में योगदान देंगे।





