
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। प्रधानमंत्री के राष्ट्रव्यापी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत 95 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) एवं सृजन सामाजिक विकास न्यास के संयुक्त तत्वावधान में आदित्य नगर पार्क में सघन वन विकसित करने के उद्देश्य से पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया। पर्यावरणविद् एवं सृजन सामाजिक विकास न्यास तथा गंगा हरितिमा अभियान (उत्तर प्रदेश) के ब्रांड एंबेसडर अनिल कुमार सिंह की अगुवाई में नगर निगम से पार्क को गोद लेकर यह अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आम, अमरूद, आंवला, बेल, नींबू और महुआ सहित विभिन्न फलदार एवं उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने स्वयं पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित गणमान्य नागरिकों, सीआरपीएफ जवानों एवं कार्यकर्ताओं को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे 95 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट आर.एस. बालापुरकर ने पौधरोपण अभियान में ग्रामवासियों, सृजन संस्था के सदस्यों एवं सीआरपीएफ जवानों के योगदान की सराहना की। उन्होंने उपस्थित लोगों को काशी को हरा-भरा, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए निरंतर पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रोहित सिंह, पार्षद श्याम भूषण शर्मा, पार्षद सुरेश पटेल ‘गुड्डू’, पार्षद सौरभ पटेल, राजू वर्मा, अजय विश्वकर्मा, रितेश राय, श्रेयांश वलोरा सोम, मनोज कुमार एवं प्रवीण सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। नगर निगम के माली बंधुओं ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सीआरपीएफ की ओर से प्रवीण सिंह एवं उनकी समर्पित टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में सभी प्रतिभागियों ने “स्वच्छ काशी, सुंदर काशी, हरित काशी” के संकल्प के साथ पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधरोपण करने का संदेश दिया।





