
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi: पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंडल चिकित्सालय, वाराणसी में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. जे. चौधुरी एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
मंडल चिकित्सालय के आईसीयू में आयोजित शिविर का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक ने मुख्य नर्सिंग अधीक्षक समीक्षा रानी से फीता कटवाकर कराया। इसके बाद उन्होंने स्वयं रक्तदान कर रेलकर्मियों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया और मानव सेवा का संदेश दिया।
शिविर में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. जे. चौधुरी, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.आर. सिंह, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. ए.के. सिंह सहित चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, कर्मचारी यूनियनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विनीत कुमार, मंडलीय अधिकारियों, मेन्स कांग्रेस एवं एन.ई. रेलवे मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों सहित कुल 21 रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जनसेवा और मानव कल्याण में अपनी भागीदारी निभाई।
रक्तदान से पहले आईएमए की चिकित्सकीय टीम ने सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। पूरी तरह स्वस्थ पाए जाने के बाद ही रक्तदान कराया गया। रक्तदान के पश्चात सभी रक्तदाताओं को अल्पाहार एवं फ्रूट जूस उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर डीआरएम आशीष जैन ने आयोजन की सफलता पर चिकित्सा विभाग की टीम को बधाई देते हुए कहा कि “रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।”
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं शिविर संयोजक डॉ. आर. जे. चौधुरी ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दुर्घटनाओं, कैंसर, थैलेसीमिया, बड़ी सर्जरी और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लाखों मरीजों को हर वर्ष रक्त की आवश्यकता होती है। उन्होंने सभी से नियमित स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की इस महान सेवा से जुड़ने की अपील की।




