
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi: कमिश्नरेट वाराणसी की सिगरा थाना पुलिस ने धर्म और वास्तविक पहचान छिपाकर कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से हिंदू नाम अपनाकर शादी करने, धर्मांतरण कराने तथा दुष्कर्म के आरोप में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के नेतृत्व में सिगरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सन्नी सिंह उर्फ सलमान खान (32 वर्ष) पुत्र मकबूल खान को 7 अगस्त 2026 को श्रीराम कॉम्प्लेक्स के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि उसने अपनी वास्तविक पहचान और धर्म छिपाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए, हिंदू नाम का उपयोग कर पीड़िता से विवाह किया, उसके बाद धर्मांतरण कराया तथा दुष्कर्म सहित अन्य अपराध किए। इस संबंध में थाना सिगरा में मु.अ.सं. 0350/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी का स्थायी पता रामापुरा नई बस्ती, थाना लक्सा तथा अस्थायी पता निराला नगर, थाना सिगरा क्षेत्र बताया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पहले भी लक्सा और सिगरा थानों में मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, निरीक्षक विवेक कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक सुधीर कुमार अग्रहरि, हेड कांस्टेबल अनंत कुमार सिंह, कांस्टेबल नरेंद्र कुमार तथा रिक्रूट कांस्टेबल उमेश कुमार यादव शामिल रहे।




