
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। जिले के गोसाईगंज क्षेत्र स्थित महाराजगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक 132 केवी हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, बिजली विभाग और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। वहीं, देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
युवक की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिजली विभाग ने एहतियात के तौर पर संबंधित हाईटेंशन लाइन की विद्युत आपूर्ति तुरंत बंद कर दी। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने काफी देर तक युवक से बातचीत कर उसे शांत करने और नीचे उतरने के लिए समझाया।
लंबे समय तक चले रेस्क्यू अभियान और अधिकारियों की सूझबूझ के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद भीड़ को नियंत्रित रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
रेस्क्यू के बाद युवक का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और उसे आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवक की पहचान और उसके हाईटेंशन टावर पर चढ़ने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इस घटना को लेकर किसी भी तरह की अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।




