
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और बिहार पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के एक वांछित अभियुक्त को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी बिहार के रामगढ़वा थाना क्षेत्र में दर्ज एक संगीन आपराधिक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।
एसटीएफ की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, 22 जुलाई 2026 को गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र स्थित शहीद पथ के निकट मल्हौर चौराहे से अभियुक्त विकास कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रामगढ़वा थाने में कांड संख्या 341/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास कुमार, पुत्र स्वर्गीय शिवजी साहनी, निवासी मलाही टोला, वार्ड संख्या-13, जिला पूर्वी चंपारण (बिहार) के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के दौरान बरामद सामान
- ₹10,590 भारतीय मुद्रा
- ₹110 नेपाली मुद्रा
- एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन
एसटीएफ को गोपनीय सूचना मिली थी कि वांछित अभियुक्त लखनऊ में मौजूद है। इसके बाद एसटीएफ और बिहार पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। फिलहाल उसे थाना गोमतीनगर विस्तार में दाखिल कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। आगे की कार्रवाई के लिए बिहार पुलिस अभियुक्त को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर अपने साथ ले जाएगी।




