
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को प्रदेशव्यापी गौ रक्षा भ्रमण अभियान पर निकले शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान दोनों के बीच सनातन धर्म और समसामयिक धार्मिक विषयों पर चर्चा हुई।
मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करते हुए लिखा, “आज प्रातःकाल पूज्य शंकराचार्य जी के दर्शन एवं आशीर्वाद के सौभाग्यशाली क्षण प्राप्त हुए। सनातन पर आए संकट को दूर करने और अधर्मियों के चंगुल से धर्म को मुक्ति दिलाने के लिए सार्थक वार्ता हुई।”
बताया जा रहा है कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती इन दिनों प्रदेशभर में गौ रक्षा भ्रमण अभियान के तहत विभिन्न स्थानों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में लखनऊ में अखिलेश यादव ने उनसे भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब प्रदेश में गौ संरक्षण, सनातन धर्म और धार्मिक मुद्दों को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चाएं जारी हैं। अखिलेश यादव की इस मुलाकात और सोशल मीडिया पोस्ट के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी इसकी चर्चा तेज हो गई है।




