
- रिपोर्टर: अजय सोनकर
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के वरुणा जोन अंतर्गत थाना सारनाथ पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी की कई वारदातों का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान और नकदी बरामद की है। बरामदगी में करीब 110.5 ग्राम पीली धातु का बिस्किट, लगभग 643 ग्राम सफेद धातु का बिस्किट, एक डीएसएलआर कैमरा तथा 67 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान चित्रांश खरवार उर्फ चीकू, पुत्र बृजेश खरवार, निवासी रसूलगढ़ पंचकोशी, थाना सारनाथ के रूप में हुई है। उसे 9 जुलाई 2026 की तड़के लगभग 12:45 बजे थाना सारनाथ क्षेत्र के फरीदपुर अंडरपास के पास मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी थाना सारनाथ में दर्ज चोरी के तीन अलग-अलग मामलों में वांछित था। आरोप है कि वह बंद मकानों को निशाना बनाकर ताले तोड़ता था और सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, कैमरा समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस और एसओजी ने संयुक्त रणनीति बनाकर उसे धर दबोचा।
पूछताछ और बरामदगी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का बहुमूल्य सामान और नकदी बरामद की। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार चित्रांश खरवार उर्फ चीकू के विरुद्ध वाराणसी के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी एवं अन्य आपराधिक धाराओं के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। अब पुलिस उससे पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं और संभावित सहयोगियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
इस सफल अभियान में थाना सारनाथ के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक जितेंद्र पाल सिंह, उपनिरीक्षक अनुज कुमार सहित थाना सारनाथ की टीम तथा एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह के नेतृत्व में एसओजी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर चोरी के अन्य मामलों के खुलासे और अतिरिक्त बरामदगी की भी संभावना है।





