
- रिपोर्ट: प्राची सिंह
मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न स्थित मार्वल स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत किया गया। उन्हें देखने और सुनने के लिए हजारों की संख्या में प्रवासी भारतीय पहुंचे। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी उनके साथ मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने जब उपस्थित लोगों से अपने सम्मान में मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाने का आग्रह किया तो पूरा स्टेडियम रोशनी से जगमगा उठा। इस नज़ारे से अभिभूत प्रधानमंत्री ने कहा, “ये शो हाउसफुल और ब्लॉकबस्टर है।”
अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उस भूमि के पारंपरिक मालिकों को नमन किया और उनके पूर्वजों तथा वर्तमान और भावी पीढ़ियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह भारत की संस्कृति का हिस्सा है कि जहां भी जाएं, वहां की परंपराओं और विरासत का सम्मान करें।
प्रधानमंत्री ने मेलबर्न की विशेषता का जिक्र करते हुए कहा कि यह शहर एक ही दिन में चार मौसमों का अनुभव करा देता है, लेकिन यहां बसे भारतीय समुदाय ने अपनी संस्कृति और परंपराओं से इसे और भी जीवंत बना दिया है। उन्होंने कहा कि मेलबर्न और उसके आसपास कई ऐसे बाजार और इलाके हैं, जिन्हें लोग ‘लिटिल इंडिया’ या ‘मिनी इंडिया’ के नाम से जानते हैं। नाम चाहे जो भी हो, वहां भारतीय संस्कृति की झलक साफ दिखाई देती है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में भारत की सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पूरी दुनिया ने भारत की क्षमता देखी। उन्होंने कहा कि आतंकियों के ठिकानों पर किए गए सटीक प्रहार की गूंज वैश्विक स्तर पर सुनाई दी और इस कार्रवाई ने हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। उन्होंने कहा कि आज का भारत अपने नागरिकों की आकांक्षाओं को नई ऊर्जा दे रहा है और “नागरिक देवो भव” का मंत्र देश की शासन व्यवस्था का मूल आधार बन चुका है।
प्रधानमंत्री ने अपने वर्ष 2014 के ऑस्ट्रेलिया दौरे को याद करते हुए कहा कि उस समय करीब 28 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था। तब उन्होंने कहा था कि अगली बार किसी भारतीय प्रधानमंत्री के आने के लिए लोगों को इतना लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में यह उनकी ऑस्ट्रेलिया की तीसरी यात्रा है, जिसे उन्होंने भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों की “हैट्रिक” बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।
कार्यक्रम से पहले विक्टोरिया की प्रीमियर जेसिंटा एलन ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि विक्टोरिया भारतीय समुदाय का सम्मान करता है और भारत उसके लिए केवल व्यापार का नहीं, बल्कि भरोसे का भी साझेदार है। उन्होंने भारत के लोगों को विक्टोरिया आने का आमंत्रण भी दिया।
मार्वल स्टेडियम में आयोजित इस सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान भारत का राष्ट्रगान भी गूंजा। हजारों प्रवासी भारतीयों की मौजूदगी और दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की सहभागिता ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के मजबूत होते रिश्तों, सांस्कृतिक जुड़ाव और आपसी साझेदारी को नई मजबूती प्रदान की।





