
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा (पीपीएस) के वर्ष 2000 बैच के वरिष्ठ अधिकारी पूर्णेन्दु सिंह का भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में चयन हो गया है। भारत सरकार द्वारा 1 जुलाई को जारी अधिसूचना के तहत उन्हें पीपीएस से आईपीएस में पदोन्नत किया गया है। इस उपलब्धि से उनके गृह जनपद सुल्तानपुर में खुशी और गर्व का माहौल है।
सुल्तानपुर के मूल निवासी पूर्णेन्दु सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जिले में ही पूरी की, जबकि उच्च शिक्षा काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से प्राप्त की। समाजशास्त्र विषय में गोल्ड मेडल हासिल करने वाले पूर्णेन्दु सिंह शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं।
उन्होंने वर्ष 2000 में आयोजित उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की परीक्षा में 11वीं रैंक प्राप्त कर उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा में प्रवेश किया था। अपने उत्कृष्ट कार्य, प्रशासनिक दक्षता और लंबे अनुभव के आधार पर अब उन्हें भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में पदोन्नति मिली है।
पूर्णेन्दु सिंह की इस सफलता पर पुलिस महकमे के अधिकारियों, शुभचिंतकों और जनपदवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह उपलब्धि युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।





