
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। सिगरा थाना पुलिस ने कैंट रेलवे स्टेशन के पास मोबाइल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन एवं सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में थाना सिगरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मो. शमशाद (25) पुत्र फारूक, निवासी ग्राम भितवारिया कलां सोनपुर, थाना हर्रैया, जनपद बलरामपुर को गिरफ्तार किया।
आरोपी को कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 10-11 के पास मालगोदाम के पीछे से पकड़ा गया।पुलिस के अनुसार, पीड़ित वाराणसी घूमने आया था। वह कैंट रेलवे स्टेशन के सामने फ्लाईओवर के नीचे बैठा था, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी जेब से ओप्पो A57 (लाल रंग) मोबाइल फोन चोरी कर लिया। पीड़ित की शिकायत पर थाना सिगरा में मु.अ.सं. 0278/2026 के तहत धारा 303(2) एवं 317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।





