
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
काठमांडू/लखनऊ: नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित इंटरनेशनल आयुष कॉन्क्लेव 4.0 (नेपाल एडिशन) में लखनऊ के आयुष विशेषज्ञ और जीवक वैलनेस केयर के संचालक डॉ. विवेक को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। आयुष चिकित्सा, नवाचार और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें प्रतिष्ठित ‘आयुष अवार्ड’ प्रदान किया गया।
यह सम्मेलन काउंसिल फॉर इंटीग्रेटिव वैद्य इनोवेशन एंड कोलैबोरेशन (सिविक) और नेपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था।
आयुष के वैश्विक विस्तार का साझा किया विजन
कार्यक्रम में विशेष वक्ता के रूप में शामिल हुए डॉ. विवेक ने आयुष प्रणाली को वैश्विक स्तर पर विस्तार देने के लिए एक ठोस रणनीति प्रस्तुत की। उन्होंने ‘इंटीग्रेटेड थेरेपी’ और ‘फ्रेंचाइजी मॉडल’ को भविष्य की आवश्यकता बताते हुए कहा कि आयुष सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए आधुनिक व्यावसायिक मॉडल अपनाने होंगे।
उन्होंने कहा कि यदि फ्रेंचाइजी नेटवर्क के माध्यम से आयुष केंद्रों का विस्तार किया जाता है, तो इससे गुणवत्तापूर्ण और प्रामाणिक चिकित्सा सेवाएं अधिक लोगों तक पहुंच सकेंगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर बना नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
इस कॉन्क्लेव में भारत के 25 राज्यों के साथ नेपाल, मलेशिया, कनाडा, यूएई, बांग्लादेश और सिंगापुर से 254 आयुष चिकित्सकों, शोधकर्ताओं और उद्यमियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण “मोस्ट आयुष डॉक्टर्स इन ए क्लिनिकल डायग्नोसिस सेशन” विषय पर आयोजित लेजेंड्स वर्ल्ड रिकॉर्ड रहा, जिसमें सफलतापूर्वक नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया गया।
सम्मान से मिली नई प्रेरणा
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. विवेक ने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय पहचान उन्हें आयुष चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में और अधिक समर्पण तथा नए दृष्टिकोण के साथ काम करने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने कहा कि आयुष के माध्यम से समग्र स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है और इसके लिए वैश्विक सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।





