
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में कर्मचारियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक नई सुविधा की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में मंडल चिकित्सालय, वाराणसी में नव-स्थापित शिशु आहार कक्ष का उद्घाटन 16 जून 2026 को किया गया।
इस कक्ष का उद्घाटन मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती वाणी जैन ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मंडल चिकित्सालय के चिकित्सकगण, पैरामेडिकल स्टाफ तथा संगठन की सदस्याएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि यह शिशु आहार कक्ष महिलाओं को अपने शिशुओं को स्तनपान कराने के लिए सुरक्षित, स्वच्छ, आरामदायक और गोपनीय वातावरण उपलब्ध कराएगा। इसमें बैठने की उचित व्यवस्था, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि इस सुविधा का उद्देश्य अस्पताल में आने वाली माताओं और शिशुओं को बेहतर देखभाल और सुविधाजनक वातावरण प्रदान करना है, जिससे उनके स्वास्थ्य और पोषण में सुधार हो सके।
उद्घाटन के बाद शिशु आहार कक्ष का निरीक्षण भी किया गया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया गया। साथ ही स्तनपान जागरूकता पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने माताओं को इसके महत्व और लाभ के बारे में जानकारी दी।
रेलवे प्रशासन ने इसे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि भविष्य में भी ऐसी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।




