
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मानसून के आगमन से पूर्व रेलवे स्टेशनों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी श्री आशीष जैन ने सोमवार को मण्डलीय अधिकारियों के साथ छपरा जंक्शन रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल निकासी, साफ-सफाई तथा यात्री सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्लेटफॉर्मों, वॉटर बूथों, पैदल उपरिगामी पुल (एफओबी) तथा स्टेशन के दोनों ओर स्थित प्रवेश द्वारों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। जैन ने छपरा जंक्शन के पुनर्विकास कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए प्रस्तावित योजनाओं, उच्च गुणवत्ता वाले आधारभूत ढांचे के विकास तथा कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। साथ ही विभिन्न विकास कार्यों के लिए स्थान चिन्हित करने एवं लक्ष्य निर्धारण पर भी चर्चा की।

यात्रियों की सुविधा के दृष्टिगत डीआरएम ने स्टेशन की परिचालनिक व्यवस्था, सुरक्षा एवं संरक्षा प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने यात्रियों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए फूड स्टॉलों एवं वॉटर बूथों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मानसून के मद्देनजर उन्होंने स्टेशन परिसर के नालों एवं नालियों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने तथा जल निकासी में बाधा बनने वाले अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विनीत कुमार, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (सी एंड डब्ल्यू) अभिनव पाठक, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामकृष्णन, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम)अभिषेक राय, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर सौरभ राठौर, मंडल परिचालन प्रबंधक श्री रमेश पाण्डेय, सहायक मंडल नगर इंजीनियर ए.के. पाण्डेय, सहायक मंडल इंजीनियर छपरा अरविन्द कुमार राय, स्टेशन निदेशक राजेश प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।





