
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्व वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम एक भावनात्मक पाती (पत्र) लिखी। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान केवल एक संस्कार नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता और सनातन संस्कृति की पहचान है। साथ ही उन्होंने बढ़ते वृद्धाश्रमों और खाली होते घरों को समाज के लिए चिंता का विषय बताया।
‘घर सूने हो रहे हैं, यह स्थिति चिंताजनक’
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि आज कई बुजुर्ग जीवन के अंतिम पड़ाव में अकेलेपन का सामना कर रहे हैं। बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अपना सब कुछ समर्पित करने वाले माता-पिता उम्र के इस दौर में अपनापन और सहारे की सबसे ज्यादा जरूरत महसूस करते हैं।
उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली और रोजगार के कारण युवा घरों से दूर रह रहे हैं, जिससे बुजुर्गों की देखभाल प्रभावित हो रही है। कई मामलों में उन्हें अपनों के दुर्व्यवहार का भी सामना करना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
सनातन संस्कृति में माता-पिता को दिया गया है सर्वोच्च स्थान
सीएम योगी ने कहा कि सनातन संस्कृति में माता-पिता और गुरु को ईश्वर के समान माना गया है। उन्होंने भगवान गणेश की कथा का उल्लेख करते हुए कहा कि माता-पिता की सेवा और सम्मान ही जीवन के सर्वोच्च मूल्यों में शामिल है।
उन्होंने यह भी कहा कि श्रवण कुमार और भगवान श्रीराम का जीवन भी माता-पिता के सम्मान और कर्तव्य पालन का संदेश देता है।
वृद्धजनों और निराश्रित महिलाओं को मिलेगी 1500 रुपये मासिक पेंशन
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने वृद्धजनों और निराश्रित महिलाओं के सम्मानजनक जीवन के लिए 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन देने का फैसला किया है।
इसके अलावा निराश्रित महिलाओं को आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना से भी जोड़ा जाएगा ताकि उन्हें बेहतर जीवन सुविधाएं मिल सकें।
योग अपनाने की अपील, 21 जून की थीम का किया उल्लेख
सीएम योगी ने सभी वरिष्ठ नागरिकों से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए नियमित योग अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ रखी गई है।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक थीम नहीं, बल्कि वृद्धजनों के सम्मान, बेहतर स्वास्थ्य और गरिमापूर्ण जीवन का वैश्विक संकल्प है।




