
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नाका पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। देर रात चलाए गए विशेष अभियान के तहत चारबाग क्षेत्र में ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की सघन जांच की गई।
इंस्पेक्टर नाका अभिनव कुमार वर्मा के निर्देश पर चौकी प्रभारी चारबाग विश्वजीत सिंह एवं कांस्टेबल सुधीर यादव द्वारा ऑटो और ई-रिक्शा चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान चालकों के वाहन संबंधी दस्तावेज, क्यूआर कोड और अन्य आवश्यक कागजातों की बारीकी से जांच की गई।

चौकी प्रभारी विश्वजीत सिंह ने बताया कि ऑटो और ई-रिक्शा की आड़ में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नजर रखने के लिए नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस टीम ने स्पष्ट किया कि जिन वाहन चालकों के दस्तावेज अधूरे या नियमों के अनुरूप नहीं पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान कई वाहनों की जांच कर चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया गया।
नाका पुलिस का यह अभियान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





